गोरखपुर।नगर के सुभाषचन्द्र बोस नगर सूर्यकुण्ड स्थित सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ ‘‘संस्कृत सप्ताह’’ मनाया गया।
सोमवार को समापन समारोह के मुख्य अतिथि संस्कृत भारती के प्रान्त मंत्री जोखन पाण्डेय रहे। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है और इसके बिना संस्कृति का विकास असम्भव है।संस्कृति के बिना एक सुदृढ़ राष्ट्र की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने जोर देकर कहा कि संसार का सारा ज्ञान-विज्ञान संस्कृत भाषा में ही समाहित है और यह विश्व की सबसे समृद्ध भाषा है।इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं को जीवन में सदैव सत्य बोलने की प्रतिज्ञा भी दिलायी।इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि व अन्य नवागंतुकों का स्वागत कर उनका परिचय कराया।
कार्यक्रम का संचालन छात्र शुभजीत राम त्रिपाठी ने संस्कृत भाषा में किया, जबकि आचार्य अंकित कुमार तिवारी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के संयोजक आचार्य तेज प्रताप पाण्डेय ने बताया कि सप्ताह भर चले इस आयोजन के दौरान छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें मुख्य रूप से श्लोक वाचन, सुभाषित, गीता श्लोक, निबंध लेखन और भाषण प्रतियोगिता शामिल रहीं।कार्यक्रम के समापन समारोह में विद्यालय के सभी आचार्य, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और ओम प्रकाश दत्त तिवारी, हरि शंकर दुबे,नवनीत भट्ट,अरविन्द कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।


