आजमगढ़। जनपद के सठियांव बाजार में मुबारकपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक वित्तीय वर्ष में पांच करोड़ बयालीस लाख पचपन हजार रुपए की लागत से कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद धर्मेंद्र यादव रहे।
बुधवार को सठियांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद धर्मेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने आरक्षण की सरेआम लूट की है और पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों को जानबूझकर पीछे धकेलने का काम किया है।
उन्होंने राज्य में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।सठियांव चीनी मिल का जिक्र करते हुए उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “मुझे नेताजी (मुलायम सिंह यादव) के साथ इस चीनी मिल के शिलान्यास और उद्घाटन दोनों अवसरों पर आने का सौभाग्य मिला था। ऐसी आधुनिक चीनी मिल पूरे क्षेत्र में कहीं नहीं है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को इस चीनी मिल से दिक्कत है और उन्हें किसानों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
बाजार में चीनी की कीमत तो बढ़ गई, लेकिन किसानों के गन्ने का मूल्य नहीं बढ़ाया गया।श्री यादव ने वादा किया कि प्रदेश में सपा सरकार आने पर महिलाओं को चालित हजार रुपए दिए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों पर पहले से भी अधिक वोटों से जीत दर्ज करनी है।
इस अवसर पर मुबारकपुर के स्थानीय विधायक अखिलेश यादव ने क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि मुबारकपुर की धरती मेरी कर्मभूमि है और यहाँ की जनता मेरे लिए देवतुल्य है। विधायक निधि के रूप में मिलने वाले विकास पैसे का एक-एक रुपया मैंने पूरी ईमानदारी से क्षेत्र के विकास में समर्पित किया है।”
तत्पश्चात सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कार्यक्रम की सफलता पर कहा कि आज के इस ऐतिहासिक लोकार्पण कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया है कि समाजवादी पार्टी के लोग जमीन पर विकास कार्य करते हैं। हमारे शीर्ष नेतृत्व का एकमात्र उद्देश्य है कि चारों तरफ सिर्फ विकास ही विकास दिखाई दे।
इस लोकार्पण समारोह में सपा के कई अन्य वरिष्ठ नेता और विधायक भी नजर आए। मंच पर पूर्व मंत्री बलराम यादव, पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री रामदुलारे राजभर, विधायकगण संग्राम यादव,बेचई सरोज,नफीस अहमद,पूजा सरोज,एच.एन.पटेल,पूर्व सांसद नंद किशोर यादव और पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।
इसके अलावा राकेश उर्फ गुड्डू, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आशा यादव, वीरेंद्र यादव,जयराम यादव,अल्ताफ़ अंसारी, शिशुपाल सिंह और जियाउल्लाह अंसारी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष शोभनाथ यादव ने की तथा सफल संचालन बहादुर यादव द्वारा किया गया।


