October 17, 2026 2:18 am

Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » मऊ: चिरैयाकोट में पट्टा भूमि पर जबरन कब्जे का प्रयास, नगर अध्यक्ष और उनके सहयोगी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज करने की मांग

मऊ: चिरैयाकोट में पट्टा भूमि पर जबरन कब्जे का प्रयास, नगर अध्यक्ष और उनके सहयोगी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज करने की मांग

मऊ। जनपद के चिरैयाकोट नगर के वार्ड नंबर 1 रसूलपुर में पट्टा भूमि पर अवैध कब्जे और दबंगई का मामला सामने आया है।जिसमें पीड़ित ने नगर अध्यक्ष और उनके एक सहयोगी पर हरे पेड़ काटने व जान से मारने की धमकी तथा जातिसूचक गालियां देकर अपमानित करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है।

उक्त के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी अनुसार वार्ड नंबर 1 रसूलपुर निवासी प्रमोद कुमार पुत्र स्वर्गीय जगदीश राम के गाटा संख्या 117 रकबा 10 हेक्टेयर,जो उनके पिता के नाम से पट्टा दर्ज है।जहां पर वर्षो से परिवार बसा हुआ है,तथा उसपर कई हरे-भरे फलदार वृक्ष भी हैं।

मामले में पीड़ित का आरोप है कि नगर अध्यक्ष रामप्रताप यादव अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए इस जमीन पर जबरन कब्जा करने की नियत से जेसीबी मशीन लगवाकर गड्ढा खुदवा रहे हैं जिससे हरे-भरे पेड़ो को नुकसान हुआ है।

पीड़ित का कहना है कि जब इस अवैध कार्य का विरोध किया,तो नगर पंचायत अध्यक्ष ने उन्हें फोन करके जान से मारने और भविष्य में गंभीर रूप से प्रताड़ित करने की धमकी दी।जिसके साक्ष्य के रुप में धमकी भरी कॉल का ऑडियो सुरक्षित है।

बताया जा रहा है कि उक्त मामले में रविवार को डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर काम को रुकवा दिया और निर्देश दिया कि पहले राजस्व विभाग द्वारा भूमि की उचित पैमाइश कराई जाए। किन्तु पुलिस के हटते ही अध्यक्ष के सहयोगी अजय यादव पुत्र राममूरत यादव,निवासी ग्राम टेनुंआ ने सार्वजनिक रूप से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गालियां और जान से मारने की धमकी दी।

मामले में पीड़ित प्रमोद कुमार ने मुकामी पुलिस स्टेशन पहुंचकर तहरीर के साथ साक्ष्य के तौर पर रिकॉर्डिंग का ऑडियो और डायल 112 टीम की रिपोर्ट का विवरण संलग्न किया है,बावजूद इसके निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है,जो पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़ा कर रहा है।

मामले में पीड़ित प्रमोद कुमार ने आरोपी नगर अध्यक्ष और उनके सहयोगी के खिलाफ अवैध कब्जे के प्रयास,जान से मारने की धमकी और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गुहार उच्चाधिकारियों से लगाई है।

Leave a Comment