मऊ। जनपद के चिरैयाकोट नगर स्थित विश्वकर्मा मंदिर परिसर से रविवार सुबह माता रानी के जयकारों के बीच भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
रविवार सुबह तय समय पर विश्वकर्मा मंदिर मनाजीत से कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ प्रारंभ हुई। कलश यात्रा सबसे पहले खाकी बाबा कुटी पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके पश्चात यात्रा सांई तकिया होते हुए बड़हलगंज पुलिया पहुंची, जहां से पूरे नगर का भ्रमण करते हुए श्रद्धालु वापस विश्वकर्मा मंदिर मनाजीत पहुंचे। मंदिर परिसर में कलशों को स्थापित कर विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देवी पूजन कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
ज्ञात हो कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम का सफल आयोजन राजेश पाण्डेय की अध्यक्षता व यशवंत पांडेय मण्डल मंत्री भाजपा रानीपुर के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए हर साल इस कलश यात्रा और देवी पूजन का आयोजन पूरी श्रद्धा के साथ किया जाता है।
इस भव्य कलश यात्रा में क्षेत्र की महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान मुख्य रूप से सरस्वती देवी, वन्दना विश्वकर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लिए कतारबद्ध होकर चल रही थीं। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में शिवम पाण्डेय सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।






