वाराणसी।समाज दर्पण की ओर से भारतीय सिनेमा के प्रख्यात अभिनेता,संवेदनशील समाजसेवी एवं किसानों के सच्चे हितैषी नाना पाटेकर के आकस्मिक निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संस्था ने उनके निधन को कला जगत और समाज सेवा के क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।
गुरुवार को संस्था की तरफ से जारी संदेश में कहा गया कि नाना पाटेकर ने अपने अद्भुत अभिनय से न केवल भारतीय सिनेमा को नई ऊँचाइयाँ दीं,बल्कि अपने सामाजिक कार्यों से यह भी सिद्ध किया कि एक सच्चा कलाकार केवल पर्दे पर ही नहीं,बल्कि समाज के बीच भी अपनी अमिट छाप छोड़ता है।
शोक संदेश में उनके जमीनी कार्यों को याद करते हुए कहा गया कि जब महाराष्ट्र के अनेक गांव सूखे और जल संकट से जूझ रहे थे,तब उन्होंने केवल चिंता व्यक्त नहीं की। वह स्वयं आगे बढ़े और जल संरक्षण,ग्रामीण विकास व किसान सहायता के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।किसानों की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझने वाले इस महान व्यक्तित्व ने हज़ारों परिवारों के जीवन में आशा का संचार किया।
समाज दर्पण काशी ने कहा कि आज उनका जाना केवल फिल्म जगत का नुकसान नहीं है,बल्कि सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र के लिए भी बहुत बड़ा झटका है। उनका जीवन हमें यह संदेश देता है कि प्रसिद्धि का वास्तविक अर्थ समाज के लिए उपयोगी बनना है।






