मऊ। जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र में हुई एक सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने पैदल चल रहे एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार और राहगीर दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देवखरी निवासी 60 वर्षीय राधे श्याम यादव पुत्र मोल्हू सड़क किनारे-किनारे पैदल घर जा रहे थे। उसी समय पलिया (छपरा) निवासी 40 वर्षीय फिरोज पुत्र सलाउद्दीन अपनी तेज रफ्तार बाइक से आए और उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
उक्त टक्कर इतनी भीषण थी कि राधे श्याम हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। बाइक की गति अधिक होने के कारण फिरोज भी वाहन समेत सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चला गया। इस हादसे में दोनों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।उक्त घटना शुक्रवार देर शाम को आजमगढ़-गाजीपुर मुख्य मार्ग स्थित एहियाचक गांव के पास की है।
बताया गया कि हादसे के बाद स्थानीय लोग ने घायलों को उठाकर एक निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टर ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि दोनों के शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है।जिससे मरीजों की हालत बिगड़ती जा रही है।लेहाजा गंभीर अंदरूनी चोटों को देखते हुए उन्हें तत्काल आजमगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को आजमगढ़ के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया है।
आजमगढ़ में दोनों घायलों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।


