मऊ। जनपद के चिरैयाकोट नगर परिक्षेत्र स्थित रामलीला मैदान के समीप एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ कई दिनों से खराब पड़े विद्युत ट्रांसफार्मर को ठीक करने के लिए चढ़े एक निजी व्यक्ति की हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।

शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे घटित इस ह्रदय विदारक घटना के बाद से पूरे यूसुफाबाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और शोक का माहौल व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। बताते हैं कि शटडाउन के बावजूद अचानक दौड़ा करंट जिसके कारण हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार,रामलीला मैदान के पास लगा ट्रांसफार्मर कुछ समय से खराब था,जिससे क्षेत्र की बत्ती गुल थी। स्थानीय लोगों की मदद के लिए तारीक(28) वर्ष पुत्र सरफराज निवासी युसूफाबाद नामक एक प्राइवेट व्यक्ति ने ट्रांसफार्मर के फॉल्ट को दुरुस्त करने के लिए पोल पर चढ़ा था। बताया जा रहा है कि काम शुरू करने से पहले कथित तौर पर लाइन बंद (शटडाउन) कराई गई थी,लेकिन मरम्मत कार्य के दौरान ही अचानक लाइन मेंहाई-वोल्टेज करंट प्रवाहित हो गया।
करंट का झटका इतना जोरदार था कि व्यक्ति को संभलने का मौका भी नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों और परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई।गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर खरी-खोटी सुनाई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ट्रांसफार्मर कुछ समय से खराब था,लेकिन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक मैकेनिक या लाइनमैन समय पर नहीं भेजा गया।शटडाउन होने के बावजूद अचानक लाइन में करंट कैसे आ गया,यह बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
विभाग की इसी लापरवाही के कारण आज एक मासूम जान चली गई।पुलिस और प्रशासन मौके पर मुस्तैद है। पुलिस ने उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जाएगी और यदि शटडाउन के बाद भी लाइन चालू करने में विभागीय लापरवाही पाई गई,तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ।


