मऊ। जनपद के चिरैयाकोट थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने मऊ के पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल पर्यवेक्षण में कार्रवाई करते हुए मृतक माफिया मुख्तार अंसारी गैंग के सहयोगी और शातिर हिस्ट्रीशीटर अभियुक्त सुधीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 अक्टूबर की देर रात अमिरहा पलिया मोड़ के पास से अभियुक्त सुधीर सिंह को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त सुधीर सिंह (उम्र करीब 28 वर्ष) पुत्र कमलेश सिंह, निवासी अल्देमऊ, थाना चिरैयाकोट का रहने वाला है।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने एक अदद नाजायज तमंचा (315 बोर), एक अदद जिन्दा कारतूस (315 बोर) और एक स्लेटी रंग का वीवो मोबाइल बरामद किया है। इस बरामदगी के आधार पर थाना चिरैयाकोट में अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 118/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम 1959 (आर्म्स एक्ट) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। मामले की आगे की विवेचना उप-निरीक्षक संदीप चंदन द्वारा की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त सुधीर सिंह थाना चिरैयाकोट का पंजीकृत हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ थाना चिरैयाकोट तथा अन्य विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कुल 30 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
इस कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विजय प्रकाश मौर्य, उप-निरीक्षक मुन्दू भारती, कांसटेबल रविकान्त, विराट पटेल, विकास कुमार सिंह और विवेक तिवारी शामिल रहे।







