
आजमगढ़।स्थानीय नगर पालिका रोड पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी की कार्यकर्ता बैठक अत्यंत गरिमामयी माहौल में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बालचंद जैसवारा ने की तथा कुशल संचालन लालगंज लोकसभा प्रभारी उमेश सोनकर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक शिवमोहन शिल्पकार ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को एकजुट और संगठित होकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का पुरजोर आवाहन किया।
उन्होंने सदर विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी सुनीता विश्वकर्मा को निर्देशित करते हुए कहा कि वे तत्काल बूथ स्तर तक जाकर जनहित के कार्यों में जुट जाएं और आम जनता की समस्याओं को जानकर उनका त्वरित निराकरण करवाएं।
शिवमोहन शिल्पकार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री पशुपति कुमार पारस और युवा नेता व कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंस राज पासवान के नेतृत्व की सराहना की।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने अतिपिछड़ा वर्ग के सम्मान में आगामी विधानसभा चुनाव में विश्वकर्मा समाज को 100 सीटें देने का जो ऐतिहासिक वादा किया है, वह बेहद सराहनीय है।

उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में भी हमारे सर्वमान्य नेता स्वर्गीय रामविलास पासवान ने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में समाज को लगभग 35 सीटें देकर राजनीतिक व सामाजिक चेतना जगाने का अद्भुत काम किया था, जो आज भी अपने आप में एक मिसाल है।
अब तक अन्य सभी राजनीतिक दलों ने सिर्फ विश्वकर्मा समाज के लोगों का वोट हथियाने का काम किया है, लेकिन उन्हें वास्तविक अधिकार और प्रतिनिधित्व कभी नहीं दिया। आज सदर विधानसभा से सुनीता विश्वकर्मा को प्रत्याशी बनाकर रालोजपा ने समाज के हक और अधिकार की लड़ाई को और मजबूत कर दिया है।
बैठक में समाजवादी पार्टी की दोहरी नीतियों पर भी तीखा हमला बोला गया। वक्ताओं ने कहा कि आज आम जनता समाजवादी पार्टी के छलावे को देख रही है। ‘पीडीए’ के नाम पर जगह-जगह जनसंवाद कार्यक्रम कर सिर्फ सामाजिक धोखा दिया जा रहा है।
सपा के अंदर किसी भी अति पिछड़ा वर्ग के व्यक्ति को संगठन में सम्मानजनक स्थान नहीं है, और न ही मुस्लिम समाज के पिछड़े वर्ग को कोई वास्तविक अधिकार दिया गया है। सपा केवल पूंजीवादियों के पुरोधाओं की पार्टी बनकर रह गई है।
इस महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठक में मुख्य रूप से राहुल मोदनवाल, राजेंद्र मोदनवाल, कमला गोड, अच्छे लाल विश्वकर्मा, राम लगन विश्वकर्मा, मनोज विश्वकर्मा, लाल चौहान, विपिन खरवार, सत्येंद्र गौतम, रामबचन चौहान, रामायण राम, श्रीमती कांति गौतम, जगमाल देवी, विद्या देवी, रुद्रा देवी, राधिका देवी, पूनम श्रीवास्तव और नैना करुष समेत सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







