Home » Uncategorized » स्वतंत्रता दिवस की 80 वीं वर्षगांठ बड़े ही हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में मनाई गई

स्वतंत्रता दिवस की 80 वीं वर्षगांठ बड़े ही हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में मनाई गई

आजमगढ़/मऊ:शनिवार को देश की स्वतंत्रता की 80वीं वर्षगांठ आजमगढ़ और मऊ जनपद में बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस राष्ट्रीय पर्व पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी तथा अर्ध-सरकारी भवनों पर आन-बान-शान के साथ तिरंगा फहराया गया और देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

जनपद के जहानगंज ब्लाक परिक्षेत्र स्थित रामप्रसाद शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह अत्यंत उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और संस्थान के प्रबंधक वरिष्ठ पत्रकार संजय यादव ने गरिमामय उपस्थिति के बीच झंडारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने उपस्थित जनसमूह और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए देश की आजादी के नायकों को नमन किया।

इसके बाद संस्थान के अन्य सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाया गया।वहीं दूसरी ओर, बद्री यादव इंटर कॉलेज में भी स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ बेहद उमंग के साथ मनाई गई। यहाँ कॉलेज के प्रबंधक हिमांशु यादव ने तिरंगा फहराकर सलामी दी।

ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर अनेक मनोहारी और आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अभिभावकों और शिक्षकों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।जबकि पड़ोसी जनपद मऊ के चिरैयाकोट नगर क्षेत्र में स्थित सभी सरकारी, अर्ध-सरकारी भवनों और कार्यालयों पर पूरी भव्यता के साथ तिरंगा फहराया गया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।

नगर पंचायत चिरैयाकोट स्थित एस एल आर पी चिल्ड्रेन एकेडमी के प्रांगण में स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व बेहद हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विद्यालय में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति की बयार बही।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फूलचंद यादव एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में हरिकेश चौरसिया जी उपस्थित रहे।

इनके साथ ही क्षेत्र के सैकड़ों आगंतुक और गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सुंदर, सकारात्मक और मनमोहक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के देशप्रेम से ओतप्रोत गीतों और नृत्यों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम के समापन सत्र में विशिष्ट अतिथि चौरसिया ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को जीवन में सफलता प्राप्त करने और अनुशासन के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने अपने आशीर्वाद व प्रेरक वचनों से सभी का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय के प्रबंधक यशवंत उपाध्याय ने अपने ओजस्वी और चिरपरिचित शायराना अंदाज में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने प्रधानाध्यापक मणिकांत चतुर्वेदी सहित शिक्षक संघ के रंजीत प्रजापति, निक्की, सुमन, प्रियंका, अरविन्द, पंकज, जीवनाथ, हरिनाथ और समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को इस बेहतरीन और सफल आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *