October 17, 2026 2:52 am

Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » आजमगढः बाजा राजभर की मौत के बाद जमीन विवाद में भारी हंगामा,देर रात को पुलिस की मौजूदगी में हुआ शव दफन

आजमगढः बाजा राजभर की मौत के बाद जमीन विवाद में भारी हंगामा,देर रात को पुलिस की मौजूदगी में हुआ शव दफन

आजमगढ़। जनपद के तरवां थाना क्षेत्र के ऐराकला गांव निवासी बाजा राजभर की मौत के बाद जमीन विवाद को लेकर गांव में भारी हंगामा खड़ा हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर महिला पुलिस बल सहित भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

इस बाबत मिली खबर में मृतक के परिजनों का आरोप है कि विगत वर्ष 2015 में रामकृत यादव पुत्र कलपु ने बाजा राजभर को कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर, बिना पैसा दिए जालसाजी से उनकी सारी संपत्ति का बैनामा अपनी पत्नी के नाम करवा लिया था।

मामले के सम्बन्ध में परिजनों को भनक तब लगी जब वर्ष 2017 में एक गवाही के दौरान मृतक राजभर की खतौनी निकाली गई।बताया गया कि खतौनी में राजभर के नाम कोई जमीन नहीं बची थी।क्योंकि उनकी सारी संपत्ति रामकृत यादव ने अपनी पत्नी रमावती देवी के नाम रजिस्ट्री करवा ली थी।

ज्ञात हो कि उक्त से सम्बन्धित वाद आज भी दीवानी न्यायालय व जिलाधिकारी कार्यालय में विचाराधीन है।इधर शुक्रवार को बाजा राजभर की मृत्यु के बाद जब उनकी बेटी और दामाद शव लेकर गांव पहुंचे,तो शव देखते ही रामकृत ने हंगामा शुरू कर दिया।

मामले ने गंभीर रूप तब धारण कर लिया जब परिजनों द्वारा शव को दफनाने के लिए खोदे गए गड्ढे को कथित तौर पर जबरन पाट दिया गया, जिससे मौके पर तनाव बढ़ गया।देर रात तक पुलिस बल और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमी रही।

थानाध्यक्ष ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को बेहद गंभीरता से लिया और मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोबारा गड्ढा खुदवाया और देर रात को पुलिस की मौजूदगी में मृतक राजभर के दरवाजे और सहन में शव को दफनाने का कार्य संपन्न कराया।

मृतक की पत्नी इंद्रावती देवी ने थाने में एक लिखित शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।जिसपर थानाध्यक्ष ने कहा कि पीड़ित पक्ष के खाते और खतौनी की जांच कराकर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment