मऊ।जनपद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की जिला इकाई ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।पार्टी जिला कार्यालय द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के निवासी चन्दन कुमार राना को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि चंदन कुमार राना लगातार संगठन विरोधी गतिविधियों में लिप्त थे और अनुशासनहीनता अपना रहे थे। इस संबंध में उन्हें पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन उनकी कार्यशैली और आचरण में कोई सुधार नहीं आया। आखिरकार पार्टी और बसपा मूवमेंट के हितों की रक्षा के लिए जिला यूनिट ने मंगलवार को उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई विशेष रूप से मोहम्मदाबाद गोहाना विधानसभा क्षेत्र में संगठन को कमजोर करने वाली ताकतों को कड़ा संदेश देने के लिए की गई है। बसपा नेताओं का मानना है कि अनुशासन तोड़ने वालों पर इस तरह की सख्त कार्रवाई से कैडर में एकजुटता आएगी, जिसका सीधा और सकारात्मक परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।


