मऊ। जनपद मुख्यालय स्थित जिला चिकित्सालय के मुख्य गेट और मेन रोड के सामने लंबे समय से जमा पानी राहगीरों के लिए मुसीबत का कारण बना हुआ है। जलभराव के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे आए दिन हादसे का खतरा बना हुआ है।बताया जा रहा है कि इसी जलभराव से सड़क के किनारे पर बने गड्ढे में साइकिल सवार और पैदल राहगीर आये दिन अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर रहे हैं । ऐसी घटना के बाद भी जिम्मेदार विभाग की ओर से जलनिकासी और सड़क की मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में मरीज और उनके तीमारदार पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल के मुख्य मार्ग पर जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बुजुर्गों, मरीजों, महिलाओं और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता बेहद जोखिम भरा बना साबित हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन के अधिकारी, डीएम और सीडीओ सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन इसके बावजूद अस्पताल के सामने की इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने सवाल उठाया है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस जलभराव और सड़क के गड्ढे पर क्यों नहीं पड़ रही ।लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निकाय के जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि जिला चिकित्सालय के सामने उत्पन्न हुई इस समस्या का तत्काल समाधान हो।ताकि किसी बड़े हादसे को होने से रोका जा सके।







