October 17, 2026 2:16 am

Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » मऊ:सरसेना में हलका लेखपाल अविनाश सिंह पर धन उगाही का आरोप, ग्रामीणों ने कहा बिना पैसे नहीं करते कोई काम

मऊ:सरसेना में हलका लेखपाल अविनाश सिंह पर धन उगाही का आरोप, ग्रामीणों ने कहा बिना पैसे नहीं करते कोई काम

मऊ। जनपद के रानीपुर ब्लाक परिक्षेत्र स्थित ग्राम सभा सरसेना के लोग हलका लेखपाल अविनाश सिंह पर घूसखोरी और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं।
जिससे जुड़ा सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया है।

प्राप्त खबर के अनुसार ग्राम सरसेना-चिरैयाकोट निवासी पीड़ित विपिन सिंह पुत्र हरिश्चंद्र सिंह ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद को साक्ष्यों के साथ शिकायती पत्र सौंपकर दोषी लेखपाल के खिलाफ सख्त कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित विपिन सिंह का आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल अविनाश सिंह बिना सुविधाशुल्क लिए सरकारी फाइलों को हाथ भी नहीं लगाते। पीड़ित के अनुसार किसी सामान्य रिपोर्ट को लगाने के नाम पर 3,000 रुपये और जमीन की पैमाइश कराने के एवज में दस हजार रुपये की सीधी मांग होती है।

आरोप है कि राजस्व विभाग की इस खुलेआम धन उगाही से आम ग्रामीण बेबस और परेशान हैं।बताते हैं कि उक्त मामले ने तब तूल पकड़ा जब घूसखोरी से जुड़ा वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई।

पीड़ित का दावा है कि उनके पास लेखपाल द्वारा पैसे मांगने और सौदेबाजी करने का पुख्ता ऑडियो-वीडियो सबूत मौजूद हैं, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

डिजिटल साक्ष्य सार्वजनिक होने के बाद ग्राम सभा के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।शिकायतकर्ता और स्थानीय ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और वायरल वीडियो,ऑडियो का संज्ञान लेते हुए दोषी लेखपाल के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्रवाई की जाए।

अब देखना यह होगा कि मामले की तहसील प्रशासन इस भ्रष्ट आचरण पर क्या रुख अपनाता है।

Leave a Comment